चंडीगढ़, 26/11/2026
संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा में संविधान पखवाड़ा के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, मंत्री और विधायक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा और भारतीय संविधान को पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और उसकी मूल भावना पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य विषय हरियाणा की 60 वर्षों की विकास यात्रा, विकसित हरियाणा के निर्माण में जनभागीदारी और नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका रहा।
पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल नागरिकों को मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देना भी है। उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रस्तावना दोहराते हुए संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
