चंडीगढ़, 25/11/2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विभागों के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
7,988 घोषणाओं में से 5,743 पूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 7,988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से: 5,743 घोषणाओं के कार्य पूरे हो चुके हैं। 1,101 घोषणाओं पर काम जारी है। 805 घोषणाएं लंबित हैं। 339 घोषणाएं अव्यवहार्य पाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने लंबित घोषणाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभाग और विधायक आपसी समन्वय से विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करें।
विधायकों और अधिकारियों के बीच हुआ मंथन
नायब सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों और विधायकों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य कारणों से अटकी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक के बाद 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं। इनमें विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों की स्थिति और उन्हें पूरा करने के उपायों पर चर्चा की।
इन बैठकों में तय किए गए कार्यों और निर्णयों का विभागवार रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, ताकि नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ आवंटित बजट का भी निर्धारित अवधि में उचित उपयोग किया जाना चाहिए।
