Indian Education Board
हरिद्वार, 25/11/2026
बदलते सामाजिक परिवेश और डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव के बीच विद्यार्थियों के सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को लेकर हरिद्वार में तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविद हिस्सा ले रहे हैं। नेपाल, भूटान और अमेरिका सहित कई देशों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल हुए हैं।
इस वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। इसका उद्घाटन उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह और कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शिक्षा बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा संचालन में सुधार जरूरी है।
वहीं, स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री और रोजगार तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभावना जैसे मूल्यों का विकास भी जरूरी है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षा बोर्डों और शिक्षाविदों की राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका है। सम्मेलन में शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, आधुनिक और संस्कारयुक्त बनाने के लिए विचारों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
