चंडीगढ़, 25/11/2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चंडीगढ़ में नवनियुक्त प्रोबेशनरी IPS अधिकारियों के साथ विशेष बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में अमन-शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और कार्यशैली से जनता का विश्वास जीतना भी है। पुलिस ऐसी संस्था होनी चाहिए, जिसके पास आने पर हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे। भगवंत मान ने अधिकारियों को अपराध के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के साथ-साथ नागरिकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दी जिम्मेदारी, अनुशासन और जनसेवा का प्रतीक है। पुलिस व्यवस्था में ईमानदारी, जवाबदेही और पेशेवर दक्षता बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा IPS अधिकारियों की ऊर्जा, उत्साह और कार्यक्षमता पंजाब की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
