मामला रविवार शाम करीब चार बजे ताजमहल के रेड जोन स्थित पूर्वी गेट के पास का बताया जा रहा है। वीकेंड होने के कारण रविवार को ताजमहल में पर्यटकों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान दिल्ली निवासी साजिद का तीन वर्षीय बेटा भीड़ में परिवार से बिछड़ गया। इसकी जानकारी मिलने पर बच्चे की तलाश शुरू की गई। बाद में पता चला कि बच्चा पूर्वी गेट स्थित CISF के कंट्रोल रूम में सुरक्षित है।
साजिद के मुताबिक, जब वह अपने बेटे को लेने कंट्रोल रूम पहुंचे तो CISF जवानों ने उनसे आधार कार्ड मांगा। आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने मोबाइल में बच्चे की तस्वीर और उसका जन्म प्रमाणपत्र दिखाया। आरोप है कि इसके बावजूद जवानों ने बच्चे को सौंपने से इनकार किया और आधार कार्ड दिखाने पर जोर दिया।
पर्यटक ने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और जवानों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि बाद में परिवार को ताजमहल के पूर्वी गेट से बाहर कर दिया गया।
ASI ने CISF से मांगी रिपोर्ट
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों तक पहुंच गया। ASI की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिथा एस. कुमार ने CISF से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही घटना की जानकारी क्षेत्रीय निदेशक और ASI मुख्यालय को भी भेजी गई है।
वहीं, CISF कमांडेंट ऋषि कौशिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट ASI को भेजी जाएगी। ताजमहल जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में CISF की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
