गुरुग्राम, 02/10/2026
हरियाणा में 17 सितंबर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ‘जीवीपी (गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स) मुक्त अभियान’ का आगाज किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के महरौली रोड स्थित डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास विकसित किए गए जीवीपी मुक्त स्थल का निरीक्षण कर इस महत्वाकांक्षी अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
स्वच्छता में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों को स्वच्छता में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर व्यवस्थाएं और आधुनिक तकनीक उपलब्ध करा सकती है, लेकिन अपने घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को गीले व सूखे कचरे के रूप में अलग-अलग रखना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए तीन मुख्य स्तंभों—सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनता की भागीदारी—पर जोर दिया।
खुले में कचरा न फेंकने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से बचें तथा केवल नगर निगम के अधिकृत कचरा वाहनों को ही कचरा सौंपें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल एक बार सफाई करना नहीं है, बल्कि उन स्थानों को स्थायी रूप से कचरा मुक्त और सुंदर बनाना है ताकि वहां दोबारा कचरा जमा न हो।
“10 दिन – 21 कचरा बिंदु – एक गुरुग्राम”
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आयोजित यह विशेष स्वच्छता अभियान 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा। इस 10 दिवसीय अभियान के तहत शहर के 21 चिन्हित कचरा संवेदनशील स्थानों (GVP) को साफ कर उन्हें सुंदर और बेहतर सार्वजनिक स्थलों में बदला जाएगा।
अभियान का स्थान-वार शेड्यूल:
-
2 अक्टूबर: डीएचबीवीएन कॉलोनी (महरौली रोड) और सरहोल
-
3 अक्टूबर: टिकरी और सेक्टर 18
-
4 अक्टूबर: अरबाना मॉल और सुभाष चौक
-
5 अक्टूबर: पेस सिटी-1 और गौशाला मैदान
-
6 अक्टूबर: पेस सिटी और सिंघा चौक
-
7 से 11 अक्टूबर: कृष्णा कॉलोनी, मेगापोलिस मॉल, इंडियन गैस क्षेत्र, घाटा, बंजारा मार्केट, सेक्टर 37, मोहम्मद हेड़ी रोड, दौलताबाद रोड, सेक्टर 39 और उल्लावास आदि।
कचरा बिंदु को बनाएं ‘सुंदर बिंदु’
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से सूखा व गीला कचरा अलग करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ भी ली। नगर निगम गुरुग्राम ने स्थानीय आरडब्ल्यूए (RWA), व्यापारियों, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं से इस अभियान में श्रमदान करने और अपने-अपने क्षेत्रों के कचरा बिंदुओं को सुंदर स्थलों में तब्दील करने की अपील की है।
