नई दिल्ली,
दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार देर शाम गैंगवार हुई। जीरो पुश्ता स्थित कैंप कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने समीर उर्फ भूरा (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान 25 राउंड से ज्यादा फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और खून से लथपथ समीर को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, समीर को कई गोलियां लगी थीं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दो गैंग के बीच पुरानी रंजिश का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर का संबंध अनवर ठाकुर-हारून गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस को उसकी हत्या के पीछे नसीम दुर्दानी और हारून सैफी गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी का शक है। दोनों गिरोहों के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर पहले भी कई बार टकराव हो चुका है। सूत्रों का दावा है कि नसीम दुर्दानी भी वारदात के समय मौके पर मौजूद था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के समय समीर के साथ उसका एक दोस्त भी मौजूद था, जिसने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
दोनों गिरोहों के बीच लंबे समय से दुश्मनी चली आ रही है। इस रंजिश में पहले भी दो लोगों की हत्या हो चुकी है। 26 मई को खजूरी खास इलाके में राजा मेवाती उर्फ अक्की डॉन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि अक्की हारून का मामा था। इसके करीब तीन सप्ताह बाद 15 जून को दयालपुर के नेहरू विहार इलाके में राशिद पानी वाला की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। बताया जा रहा है कि समीर हाल ही में एक आपराधिक मामले में पूछताछ के लिए जिला पुलिस की हिरासत में भी लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
