दिल्ली, 16/11/2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दायर की है। इसमें चुनाव आयोग से 48 सवालों के जवाब हलफनामे के जरिए देने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं ने देशभर में मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों की विस्तृत न्यायिक जांच कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि चुनाव आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि देशभर में SIR कराने का फैसला आयोग ने सामूहिक रूप से लिया था या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना यह निर्णय लिया।
चुनाव आयोग के फैसलों पर उठाए सवाल
याचिका में SIR को मंजूरी देने की प्रक्रिया, मतदाताओं के नाम सूची से बाहर किए जाने के आरोप और ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रणाली में बदलाव जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। विपक्ष ने यह भी पूछा है कि फॉर्म-6 में बदलाव करने, ERONET और ECINET को केंद्रीकृत करने तथा मतदाता सूची तक पहुंच नियंत्रित करने का फैसला किसने लिया था।
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने नवंबर में दाखिल अपने जवाबी और पूरक हलफनामों में कहा था कि SIR से जुड़े आदेश तीन सदस्यीय आयोग के सर्वसम्मत फैसलों के बाद जारी किए गए थे। हालांकि, याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि आयोग ने अपने दावे के समर्थन में संबंधित फाइलें, बैठकों का विवरण या फैसलों की तारीखें उपलब्ध नहीं कराई हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि INDIA गठबंधन के नेताओं ने SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों से जवाब मांगने की अनुमति सुप्रीम कोर्ट से मांगी है।
