अमृतसर, 25/11/2026
पंजाब पुलिस ने अमृतसर में चार अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान अवैध हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 अवैध पिस्तौल, 1.313 किलोग्राम हेरोइन, 13 जिंदा कारतूस और 60 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। ये हैंडलर कथित तौर पर आपराधिक तत्वों को हथियार और नशीले पदार्थ सप्लाई करते थे।
चार ऑपरेशन में सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, पहले ऑपरेशन में रोशन लाल को 1.313 किलो हेरोइन और 60 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया गया।
दूसरे ऑपरेशन में मनजीत सिंह उर्फ बीटा को एक पिस्तौल और छह कारतूस के साथ पकड़ा गया।
तीसरे ऑपरेशन में जसबीर सिंह उर्फ बॉबी, गुरलाल सिंह और शुभम भंडारी को गिरफ्तार कर तीन पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए।
चौथे ऑपरेशन में गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से पांच पिस्तौल और दो कारतूस मिले।
ग्लॉक सहित 9 पिस्तौल बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक 9 एमएम पीएक्स5 स्टॉर्म, चार .30 बोर और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। कुल 13 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
चार FIR दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
इस कार्रवाई के संबंध में चार अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। इनमें तीन मामले थाना छेहरटा और एक मामला थाना रणजीत एवेन्यू में दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के कथित विदेशी हैंडलरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।
