चंडीगढ़, 25/11/2026
पंजाब सरकार ने पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) के आउटसोर्स कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के अधीन लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्त एवं परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को संगरूर डिपो में आयोजित समारोह के दौरान इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर विभिन्न डिपो के 104 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस पहल के तहत PRTC के कुल 1,719 कर्मचारियों को कॉन्ट्रैक्ट के अधीन लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने कानूनी प्रक्रिया अपनाई है।
दस्तावेजों की जांच के बाद मिलेगी नियुक्ति
चीमा ने बताया कि योग्य कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड की जांच, मेडिकल परीक्षण और पुलिस सत्यापन सहित जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार होगी। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सेवा शर्तें उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संगरूर में सरकारी दफ्तरों की अचानक जांच
PRTC कार्यक्रम के बाद मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संगरूर में GST और आबकारी विभाग के कार्यालयों का अचानक निरीक्षण भी किया। इस दौरान कई कर्मचारी ड्यूटी से गैर-हाजिर पाए गए। मंत्री ने बताया कि गैर-हाजिर कर्मचारियों की पहचान के लिए हाजिरी रजिस्टर कब्जे में लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और बिना अनुमति गैर-हाजिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
