anadita mitra
चंडीगढ़, 1/10/2026
पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) का 99.21 प्रतिशत कार्य पूरा होने के साथ एस.आई.आर. की पूरी प्रक्रिया अब पूर्ण होने के करीब पहुंच गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब (सी.ई.ओ.) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 08 जिलों—मोगा, शहीद भगत सिंह नगर (एस.बी.एस. नगर), मानसा, तरनतारन, फरीदकोट, संगरूर, पटियाला और मलेरकोटला ने एस.आई.आर.-2026 का कार्य 100 प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके अलावा, राज्य के कुल 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 55 विधानसभा क्षेत्रों में भी यह कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब ने बताया कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल करना सुनिश्चित करने और मतदाताओं की सुविधा के लिए, जिन मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं तथा सुनवाई या दस्तावेज जमा करवाना अभी बाकी है, वहां बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) स्वयं मतदाताओं से संपर्क करेंगे। मतदाताओं को कार्यालयों में बुलाने के बजाय उनसे आवश्यक दस्तावेज सीधे एकत्र किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “इस व्यवस्था के तहत मतदाताओं को व्यक्तिगत सुनवाई और दस्तावेज जमा करवाने के लिए चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ई.आर.ओज़.) के कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।”
इसके अलावा, जिन विधानसभा क्षेत्रों में अभी कुछ कार्य बाकी है, वहां मतदाताओं की सुविधा के लिए आगामी सप्ताहांत (वीकेंड) में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। मतदाता सूची से संबंधित शंकाओं और समस्याओं के समाधान के लिए पूरे राज्य में जिला निर्वाचन अधिकारियों (डी.ई.ओज़.) और चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ई.आर.ओज़.) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब का कार्यालय पूरी चुनाव मशीनरी के साथ समन्वय करते हुए इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहा है।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बी.एल.ओज़. और अन्य चुनाव अधिकारियों को पूरा सहयोग दें तथा इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक दस्तावेज और जानकारी जल्द से जल्द उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
