पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 10 लाख लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मंच से लाभार्थियों को ‘मेरी रसोई’ किट वितरित कीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई में शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत 19.25 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से योग्य परिवारों का चयन डिजिटल डेटा, निष्पक्ष अंक प्रणाली और घर-घर सत्यापन के माध्यम से किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में किसी तरह की रिश्वत, सिफारिश या राजनीतिक हस्तक्षेप को जगह नहीं दी गई।
‘मेरी रसोई’ किट में मिलेंगी ये चीजें
नए राशन कार्ड धारकों को विशेष किट दी जाएगी, जिसमें शामिल हैं:
- 2 किलो दालें
- 2 किलो चीनी
- 1 किलो नमक
- 200 ग्राम हल्दी
- 1 लीटर सरसों का तेल
इसके अलावा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रत्येक सदस्य को हर महीने 5 किलो मुफ्त गेहूं मिलता रहेगा।
ई-केवाईसी करवाना जरूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS, IVRS संदेश और पत्र के माध्यम से सूचना दी जा रही है। आवेदक अपने आवेदन नंबर से संबंधित पोर्टल पर आवेदन की स्थिति भी जांच सकते हैं। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी राशन डिपो पर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी पूरी करवाएं, ताकि मुफ्त गेहूं का लाभ बिना रुकावट मिलता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से हर जरूरतमंद परिवार तक खाद्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाना है।
