Oplus_131072
न्यूज डेस्क, 29 जून 2026
वैभव सूर्यवंशी को IPL 2026 में 237.30 के जबरदस्त स्ट्राइक-रेट से 776 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड जीतने के बाद भारत की T20I टीम में शामिल किया गया था. लेकिन आयरलैंड दौरे पर सूर्यवंशी को खेलने का मौका नहीं मिला, और भारत को सीरीज में 2-0 से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा. अब वैभव का डेब्यू चर्चा का विषय बन गया है.
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डेसकाटे ने भी इस विषय पर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने को तैयार हैं, लेकिन टीम में पहले से ही कई खिलाड़ी होने के कारण उन्हें अपने मौके के लिए सही समय का इंतजार करना होगा.
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेयान ने कहा, ‘वह (सूर्यवंशी) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन संजू सैमसन भी एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन महीने पहले हमें विश्व कप जिताने में बहुत बड़ा योगदान दिया था. उसका आईपीएल भी काफी अच्छा गया था. इसलिए खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बनाए रखना और उन्हें यह संदेश देना महत्वपूर्ण है कि हम खिलाड़ियों को टीम में लंबी अवधि तक मौका देना चाहते हैं.’
उन्होंने आगे कहा, इसलिए, वैभव भले ही तैयार हों और हम सब उन्हें खेलते देखने के लिए उत्साहित हों, लेकिन उन्हें भी बाकी खिलाड़ियों की तरह ही प्रक्रिया से गुजरना होगा और सही समय का इंतजार करना होगा. हालांकि उनकी काबिलियत और तैयारी को लेकर कोई सवाल नहीं है.’
वैभव सूर्यवंशी अब 1 जुलाई से डरहम में शुरू होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए इंग्लैंड जाएंगे. अगर संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा बड़े रन नहीं बना पाते हैं, तो सूर्यवंशी के बहुप्रतीक्षित इंटरनेशनल डेब्यू का मौका बन सकता है.
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शुर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.

