Under-19 Asia Cup
खेल डेस्क, 13/11/2026
अंडर-19 एशिया कप 2026 के महामुकाबले में शनिवार (14 नवंबर) को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाले इस फाइनल में भारत की नजर रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब जीतने पर होगी।
सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर खिताबी दौर में जगह बनाई है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को एकमात्र हार ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ (3 रन से) मिली थी। अब लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी वाली टीम इंडिया के पास न केवल उस करीबी हार, बल्कि 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के हाथों मिली 191 रनों की करारी शिकस्त का बदला लेने का भी सुनहरा अवसर है।
सहवाग और सूद पर टिकीं उम्मीदें
बल्लेबाजी में भारत को पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग से सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं, जिन्होंने चार मैचों में 101 की औसत से टूर्नामेंट के सर्वाधिक 303 रन (एक शतक, दो अर्धशतक) बनाए हैं। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज ईशान सूद चार मैचों में 11 विकेट लेकर भारत के प्रमुख हथियार बने हुए हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान की ताकत उस्मान खान (238 रन) और तेज गेंदबाज रिजवानुल्लाह (11 विकेट) हैं, जिनका साथ मोहम्मद सय्याम (8 विकेट) और अली रजा (6 विकेट) दे रहे हैं।
टूर्नामेंट में भारत का दबदबा
अंडर-19 एशिया कप इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है, जिसने अब तक 8 बार ट्रॉफी जीती है। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने यह खिताब 2-2 बार जीता है। भारत को फाइनल में अब तक केवल दो बार (2024 में बांग्लादेश और 2025 में पाकिस्तान से) हार झेलनी पड़ी है।
दोनों टीमों के खिलाडी
भारतीय टीमके खिलाड़ी : लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवसानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शविन विनोद, ईशान सूद।
पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी : फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसन, उस्मान खान, हयाम खान, हसनैन अब्बास डार, जहांगीर बिलाल, अहमद हुसैन, नकाब शफीक, हमजा जहूर, अब्दुल सुभान, अली रजा, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह, अब्दुल कादिर।
