पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया
ओमान में खेले गए पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.5 ओवर में 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से रिजवानुल्लाह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 21.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। उस्मान खान 54 गेंदों में 64 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हैयाम खान ने 72 गेंदों में 69 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी हुई।
भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की शानदार पारियां
भारत की जीत में कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की। आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं, कप्तान रायचंदानी ने 90 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया। वीके विनीथ 57 रन और यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
14 नवंबर को होगा भारत-पाकिस्तान फाइनल
अब 14 नवंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण में मुकाबला हुआ था, जिसमें पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था। ऐसे में फाइनल में भारतीय टीम के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
