चंडीगढ़, 27/11/2026
पंजाब सरकार ने राज्य की 520 पंजीकृत गौशालाओं और सरकारी कैटल पॉन्ड के लिए 100 करोड़ रुपये का अनुदान जारी करने को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के इस फैसले की जानकारी कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को पंजाब भवन में दी। अमन अरोड़ा ने बताया कि यह राशि अगले दो से तीन दिनों में संबंधित गौशालाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस फैसले से करीब 2.20 लाख बेसहारा पशुओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कुल 520 संस्थानों में 500 गौशालाएं और 20 सरकारी कैटल पॉन्ड शामिल हैं। पहले सरकारी आर्थिक सहायता केवल शहरी क्षेत्रों की 228 गौशालाओं तक सीमित थी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की 272 गौशालाओं को यह लाभ नहीं मिलता था। अब सरकार ने सभी पंजीकृत गौशालाओं को सहायता देने का फैसला किया है।
मंत्री के अनुसार, इस अनुदान का इस्तेमाल पशुओं के लिए चारा, दवाइयां, इलाज और अन्य जरूरी सुविधाओं पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौशालाओं को बिजली बिलों से छूट देने के साथ उनके करीब 100 करोड़ रुपये के पुराने बिजली बिल भी माफ किए हैं। अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार पशु कल्याण के लिए काम करने वाली संस्थाओं और स्वयंसेवकों को हर संभव सहयोग देगी।
