पंजाब सरकार ने गन्ना उत्पादकों को राहत देते हुए गन्ने का राज्य सहमत मूल्य (SAP) 416 रुपये से बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। मंत्री ने पंजाब सिविल सचिवालय में भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को सुना तथा उनके समयबद्ध समाधान का भरोसा दिया।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए और तय समय-सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की आय बढ़ाने, फसलों का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
