सिडनी, 21/11/2026
ऑस्ट्रेलिया के सैंडपेपर विवाद के बीच कप्तान पैट कमिंस को बड़ी राहत मिली है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान बनाए रखने का फैसला किया है। बोर्ड ने कमिंस को अपना पूरा समर्थन देते हुए कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। यह विवाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट के हालिया बयान के बाद फिर से चर्चा में आया था। बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया था कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि इस मामले पर गेंदबाजों से बातचीत हुई थी।
कमिंस पर उठ रहे थे कप्तानी छोड़ने के सवाल
बैनक्रॉफ्ट के बयान से पहले उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर भी सैंडपेपर विवाद को लेकर अपनी बात रख चुके थे। इसके बाद पैट कमिंस ने करीब 70 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ख्वाजा के आरोपों को खारिज किया था। हालांकि, बैनक्रॉफ्ट के खुलासे के बाद कमिंस पर सवाल उठने लगे। ऑस्ट्रेलिया के कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें कप्तानी से हटाने या खुद पद छोड़ने की सलाह दी थी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया पूरा समर्थन
विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने शुक्रवार को सिडनी में पैट कमिंस से मुलाकात की। इस बैठक में कमिंस की स्थिति, टीम को जरूरी सहयोग और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज पर चर्चा हुई। बैठक के बाद बोर्ड ने स्पष्ट किया कि वह पैट कमिंस को टेस्ट कप्तान के रूप में पूरा समर्थन दे रहा है। बोर्ड ने 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के प्रति चिंता भी जाहिर की। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वह इस मुश्किल समय में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए धैर्य के साथ सभी पक्षों की बात सुनने और उनसे सीखने के लिए तैयार है।
कमिंस ने कहा- कप्तानी मेरी प्राथमिकता
पैट कमिंस ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नेतृत्व के साथ हुई बैठक का स्वागत किया। उन्होंने प्रस्तावित स्वतंत्र मंच (Independent Forum) का भी समर्थन किया और इस प्रक्रिया में हिस्सा लेने की इच्छा जताई। कमिंस ने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान की भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करना बड़ी जिम्मेदारी है और उन्होंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया। फिलहाल उनका पूरा ध्यान टीम की कप्तानी पर रहेगा।
उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर कमेंट्री पैनल से बाहर
इस विवाद का असर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर पर भी पड़ा है। फॉक्स स्पोर्ट्स ने दोनों को अगले कुछ सप्ताह के लिए अपने कमेंट्री पैनल से हटाने का फैसला किया है। दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही व्हाइट बॉल सीरीज में कमेंट्री कर रहे थे। फॉक्स स्पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर स्टीव क्रॉली के अनुसार, लगातार हो रही टिप्पणियों के कारण दोनों खिलाड़ियों पर दबाव बढ़ रहा था। इसलिए उन्हें कुछ समय का आराम देने का फैसला किया गया है। उनकी वापसी की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
क्या है 2018 का सैंडपेपर विवाद?
सैंडपेपर विवाद मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच केपटाउन टेस्ट के दौरान सामने आया था। मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद किया गया था। जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान स्टीव स्मिथ, उप-कप्तान डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट के खिलाफ कार्रवाई की थी। स्मिथ और वॉर्नर पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया गया, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था। करीब आठ साल बाद उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब ‘सब्र’ में इस मामले को लेकर नए दावे किए। इसके बाद डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बयानों ने पुराने विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया।
