Punjab police
चंडीगढ़, 21/11/2026
पंजाब पुलिस को एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने मामले में फरार चल रहे दूसरे शूटर भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही हत्याकांड में शामिल दोनों मोटरसाइकिल सवार हमलावर पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी पहले शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बाहमण की जीरकपुर से गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को हैप्पी बाहमण को उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया था।
डीजीपी के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। दोनों शूटरों की गिरफ्तारी से मामले की जांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अब हत्याकांड की साजिश और आरोपियों के अन्य सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
स्पेशल डीजीपी (एजीटीएफ) प्रमोद बान ने बताया कि जीरकपुर में पहली गिरफ्तारी के बाद एजीटीएफ की टीमों ने दूसरे शूटर की तलाश शुरू की थी। डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया।
शुक्रवार देर रात भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा की लोकेशन अमृतसर में मिली। इसके बाद विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि काउंटर इंटेलिजेंस विंग फिरोजपुर में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की 11 अक्टूबर 2026 को तरनतारन जिले में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में थाना सरहाली, तरनतारन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 व 27 के तहत एफआईआर नंबर 186 दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
