पंजाबी संस्कृति और लोक कलाएं हमारी विरासत : डॉ. जगदीप सिंह
महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता पंजाबी यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पंजाबी संस्कृति और लोक कलाएं हमारी समृद्ध विरासत का अहम हिस्सा हैं। युवाओं की ओर से इन कलाओं में दिखाया गया उत्साह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये युवा कलाकार भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विजेता टीमों और विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। डॉ. जगदीप सिंह ने कहा कि किताबी शिक्षा के साथ कला और सांस्कृतिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और उन्हें अपनी संस्कृति तथा जड़ों से जोड़े रखती हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए पंजाब के युवा सेवाएं विभाग और यूनिवर्सिटी के आयोजकों को बधाई दी।
पांच मंचों पर आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
युवा कल्याण विभाग के निदेशक प्रो. भीमइंदर सिंह ने बताया कि चार दिवसीय महोत्सव में पांच अलग-अलग मंचों पर एक साथ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अंतिम दिन गिद्धा के अलावा पारंपरिक पोशाक प्रदर्शनी, दस्तार सजाने और पारंपरिक लोकगीत प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
