भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2026 इंडिया-न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी सीरीज के दूसरे मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। ऑकलैंड के लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने आखिरी मिनटों में वापसी करते हुए मैच बराबरी पर समाप्त किया।
न्यूजीलैंड ने 25वें मिनट में डायलन थॉमस के गोल से बढ़त बनाई। भारत की ओर से 35वें मिनट में अंगद बीर सिंह ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने 56वें मिनट में सैम हिहा के गोल से फिर बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, भारतीय टीम ने हार नहीं मानी। कप्तान संजय ने 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया।
भारत ने तीन मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर को 3-2 से जीता था। अब दोनों टीमें रविवार, 22 नवंबर को तीसरे और अंतिम मुकाबले में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम दौरे का अंत जीत के साथ करना चाहेगी। यह तीन मैचों की सीरीज भारत और न्यूजीलैंड के बीच 1926 से चले आ रहे 100 साल पुराने खेल संबंधों के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। वर्ष 1926 में मेजर ध्यानचंद की मौजूदगी वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था।
