Odissa CEO
न्यूज़ डेस्क, 5 जुलाई 2026
ओडिशा में SIR के गणना चरण के बाद 20 लाख से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए है जिसके बाद राजनीती तेज हो चुकी है. निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में यह जानकारी सामने आई है. इस बारे में ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एस. गोपालन ने बताया कि 20 मई को मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के समय राज्य में 3.33 करोड़ मतदाता थे.
उन्होंने कहा कि 30 मई से 28 जून के बीच मतदाता सूची के SIR के तहत कराई गई गणना प्रक्रिया के बाद अब मतदाता सूची में 3.13 करोड़ मतदाता शामिल हैं. इनमें 1.60 करोड़ पुरुष, 1.53 करोड़ महिला और 2,775 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं.
सीईओ ने कहा कि मतदाता सूची से हटाए गए 20 लाख मतदाताओं में से 8.32 लाख की मौत हो चुकी है, 10.07 लाख अन्य स्थानों पर चले गए या पुनरीक्षण अभियान के दौरान अनुपस्थित रहे, जबकि 1.58 लाख लोगों के नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज पाए गए.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, गणना चरण के दौरान करीब 14,000 मतदाताओं ने बूथस्तरीय अधिकारियों (BLO) को अपने गणना-प्रपत्र वापस नहीं सौंपे. उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
उन्होंने कहा कि दावों और आपत्तियों पर चार अगस्त तक सुनवाई की जाएगी तथा अंतिम मतदाता सूची छह सितंबर को प्रकाशित की जाएगी. गोपालन ने कहा, ‘‘यदि किसी व्यक्ति का नाम मसौदा मतदाता सूची में नहीं है, तो उसे एक प्रपत्र भरकर घोषणा-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्वाचन अधिकारियों के पास जमा करना होगा.’’
उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियां पांच जुलाई से चार अगस्त तक स्वीकार किए जाएंगे. गोपालन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावों और आपत्तियों का निपटारा करने के लिए समय-समय पर अतिरिक्त अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी.


