WOMENS T20 WORLD CUP FINAL 2026
न्यूज़ डेस्क, 5 जुलाई 2026
Women’s T20 World Cup 2026 Final: महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. ये महामुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. जो भारतीय समय के अनुसार रात 8 बजे से शुरू होगा.
छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया लगातार छह जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार रिकॉर्ड बनाए रखने के बाद फाइनल में मजबूत दावेदार के तौर पर उतर रही है. ऑस्ट्रेलिया ने ‘द ओवल’ में वेस्टइंडीज पर आठ विकेट से शानदार जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई. वहीं, मेजबान इंग्लैंड ने ‘द ओवल’ में खेले गए सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की.
ऑस्ट्रेलिया अपने सातवें खिताब पर नजरें गड़ाए हुए है, जबकि इंग्लैंड दूसरी बार टाइटल उठाने की कोशिश करेगी. खास बात यह है कि ये दोनों टीमों के बीच चौथा खिताबी मुकाबला होगा. इससे पहले वे 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में भिड़ चुकी हैं और तीनों बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले आठ T20I मैचों में से छह जीते हैं, जिनमें लगातार पिछली तीन जीत भी शामिल हैं.
वहीं मेजबान इंग्लैंड की टीम लॉर्ड्स में अपने शानदार रिकॉर्ड का फायदा उठाएगी. लॉर्ड्स में इंग्लैंड का T20I रिकॉर्ड एकदम सही रहा है – चार मैचों में चार जीत – जिसमें 2009 में उनकी पहली T20 वर्ल्ड कप जीत भी शामिल है.


