खेल डेस्क, 1/10/2026
श्रीलंका के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 2-1 से वनडे सीरीज जीतने के बाद, इंग्लैंड की टीम अब पाकिस्तान में त्रिकोणीय सीरीज (Tri-Series) खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस ट्राई सीरीज में मेजबान पाकिस्तान और श्रीलंका के अलावा इंग्लैंड की टीम हिस्सा लेगी। यह टूर्नामेंट 18 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस दौरे के लिए अपनी 16 सदस्यीय वनडे टीम का ऐलान कर दिया है।
20 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ आगाज
इंग्लैंड अपने अभियान की शुरुआत 20 अक्टूबर को रावलपिंडी में मेजबान पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल मैच 31 अक्टूबर को लाहौर के ऐतिहासिक गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।
मेसन क्रेन की 8 साल बाद इंटरनेशनल वापसी
इस टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज लेग-स्पिनर मेसन क्रेन का नाम रहा है, जिनकी 8 साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। 29 वर्षीय क्रेन ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मुकाबला जनवरी 2018 में सिडनी टेस्ट के दौरान खेला था। ग्लैमरगन (Glamorgan) के लिए घरेलू समर में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें रेहान अहमद की जगह टीम में शामिल किया गया है।
मुख्य चयनकर्ता ने क्या कहा?
चीफ सिलेक्टर मार्कस नॉर्थ ने क्रेन के चयन पर कहा, “मेसन क्रेन समर सीजन में दोनों फॉर्मेट में ग्लैमरगन के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह एक अनुभवी, हाई-क्लास लेग-स्पिनर हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोबारा मौका पाने के पूरी तरह हकदार हैं।”
नए चेहरों को मौका, चोटिल खिलाड़ी बाहर
इंग्लैंड ने स्क्वॉड में दो नए खिलाड़ियों — ऑलराउंडर जेम्स कोल्स और तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्बे को पहली बार मौका दिया है।
इसके अलावा, सीनियर लेग-स्पिनर आदिल राशिद (हाथ की चोट) और ऑलराउंडर सैम करन (कमर की चोट) पूरी तरह फिट होकर टीम में लौट आए हैं। हालांकि, कप्तान जोस बटलर और जैकब बेथेल चोटिल होने के कारण बाहर हैं, जबकि स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। टीम की कमान हैरी ब्रूक संभालेंगे।
ट्राई सीरीज के लिए इंग्लैंड का वनडे स्क्वॉड:
हैरी ब्रूक (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, मेसन क्रेन, हेनरी क्रोकोम्बे, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टंग।
