हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक विश्राम गृह बनाया जाएगा। ब्रह्मसरोवर के पास 3 एकड़ में पर्यटक पुलिस थाना भी खोला जाएगा। इस थाने में 100 पुलिसकर्मियों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति होगी, जिन्हें व्यवहार कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विभिन्न भाषाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर करीब साढ़े छह एकड़ भूमि में बनने वाले आधुनिक लोक निर्माण विश्राम गृह के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने परियोजना का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए 26 रिकवरी वैन और कमांड एंड कंट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
24 महीने में पूरा होगा विश्राम गृह का निर्माण
मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रह्मसरोवर के पश्चिमी तट पर बनने वाला आधुनिक विश्राम गृह करीब दो लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके तहत तीन भवन बनाए जाएंगे। इनमें पांच मंजिला मुख्य विश्राम गृह, कर्मचारियों और चालकों के लिए अलग विश्राम गृह तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए छह आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। विश्राम गृह में आरामदायक कमरे, सम्मेलन कक्ष, कमेटी रूम, बहुउद्देशीय हॉल, रेस्टोरेंट, कैफेटेरिया, वेलनेस सेंटर और रूफटॉप डाइनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बेसमेंट में करीब 40 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नए वाहनों से आपातकालीन सेवाएं होंगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने और ऊंची इमारतों के निर्माण के कारण आपातकालीन सेवाओं के सामने नई चुनौतियां आ रही हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए छोटे और बहुउपयोगी वाहन खरीदे गए हैं। इन वाहनों में पोर्टेबल पंप, ब्रीदिंग उपकरण और लाइटिंग टावर जैसी सुविधाएं होंगी। बड़े हादसों के दौरान ये वाहन मौके पर कमांड और कंट्रोल की जिम्मेदारी भी संभाल सकेंगे। इससे राहत कार्यों में तेजी आएगी और जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन कर्मचारियों के साहस और समर्पण की सराहना की।
कुरुक्षेत्र को विकास की नई पहचान मिली: सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कुरुक्षेत्र को धार्मिक पहचान के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी नई पहचान मिली है। यहां देश का पहला श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय स्थापित है। उमरी में उत्तर भारत का पहला राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान बनाया गया है। उन्होंने बताया कि रोहतक के बाद देश का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक कुरुक्षेत्र में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को इसका उद्घाटन किया था। इससे शहर के पांच रेलवे फाटक समाप्त हुए और लोगों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हरियाणा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण का गठन किया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 28 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा। इसे मंजूरी मिल चुकी है। यह कैथल रोड से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को पार करते हुए मथाना के पास कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड से जुड़ेगा।
धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार कुरुक्षेत्र को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। सरकार का उद्देश्य आस्था के साथ सुविधाएं, पर्यटन के साथ रोजगार और विरासत के साथ विकास को आगे बढ़ाना है उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल संचालकों, दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, टैक्सी और ऑटो चालकों, हस्तशिल्पियों तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। शहर का विकास यहां के प्रत्येक परिवार की खुशहाली से जुड़ा है।
गीता महोत्सव से बढ़ा कुरुक्षेत्र का आकर्षण: ज्ञानानंद महाराज
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सवों के कारण दुनियाभर में कुरुक्षेत्र का आकर्षण बढ़ा है। गीता उपदेश के साथ-साथ इस भूमि का पौराणिक महत्व भी है। उन्होंने बताया कि गीता जयंती के अवसर पर अब 40 से 50 लाख तक श्रद्धालु कुरुक्षेत्र पहुंचते हैं। ऐसे में यहां एक बड़े आधुनिक विश्राम गृह की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि यह विश्राम गृह कुरुक्षेत्र के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगा।
