काठमांडू (Patarkar Desk)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,252 हो गई है, जबकि 4,216 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) की ओर से गुरुवार दोपहर तक जुटाए गए आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
आंकड़ों के मुताबिक, चितवन में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां से अब तक 355 शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 218, नवलपरासी वेस्ट में 208 और नुवाकोट में 177 शव मिले हैं। वहीं, रसुवा में 127 लोगों की मौत दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि यहीं से आपदा की शुरुआत हुई थी।
इसके अलावा गोरखा, धाडिंग और तनहुन समेत कई अन्य इलाकों से भी शव बरामद किए गए हैं। अब तक मिले 1,252 शवों में से केवल 95 लोगों की पहचान हो सकी है। पहचान के बाद इन शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
NDRRMA के अनुसार, लापता लोगों में विदेशी नागरिकों के साथ-साथ हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। अकेले हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजनाओं से जुड़े करीब 900 कर्मचारियों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।
बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन लापता लोगों की तलाश और बरामद शवों की पहचान करने में जुटा हुआ है।
