स्पोर्ट्स (Patarkar Desk)-भारत पहली बार AFC विमेंस चैंपियंस लीग 2026-27 की मेज़बानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट के ग्रुप B के मुकाबले 1 से 7 नवंबर तक कोलकाता में आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित AFC हाउस में हुए मेन ड्रॉ के दौरान टूर्नामेंट के ग्रुप तय किए गए।
भारत की इंडियन विमेंस लीग चैंपियन ईस्ट बंगाल को ग्रुप B में जगह मिली है। टीम को इस ग्रुप में दक्षिण कोरिया की ह्वाचेन KSPO WFC, वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी WFC और उत्तर कोरिया के अप्रैल 25 स्पोर्ट्स क्लब के साथ रखा गया है।
ईस्ट बंगाल ने शुरुआती दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेन ड्रॉ में अपनी जगह पक्की की थी। ग्रुप A में भारतीय टीम ने सबा FC (मलेशिया), राजशाही स्टार्स (बांग्लादेश) और रोवर्स FC (गुआम) को हराया था।
इस प्रदर्शन के साथ ईस्ट बंगाल लगातार दूसरे सीजन में AFC विमेंस चैंपियंस लीग के मेन ड्रॉ में पहुंचने में सफल रही है। अब टीम के सामने एशिया की मजबूत महिला क्लब टीमों के खिलाफ कोलकाता में चुनौती पेश करने का मौका होगा।
