चंडीगढ़, 12/11/2026
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज पंजाब राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2027 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 12 नवंबर, 2026 से 11 दिसंबर, 2026 तक जारी रहेगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत आज पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा, आईएएस की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रतिनिधियों को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं तथा पुनरीक्षण अभियान के प्रमुख प्रावधानों और निर्धारित समय-सारणी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिनिधियों को विभिन्न निर्वाचन सेवाओं के लिए निर्धारित प्रपत्रों के बारे में भी अवगत करवाया गया। इनमें मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा व्यक्तिगत विवरणों में संशोधन या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा नागरिक, जो 1 जनवरी, 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने के पात्र हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नागरिकों के लिए उपलब्ध विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और सुविधाओं, जैसे मतदाता सेवा पोर्टल तथा ‘बीएलओ के साथ कॉल बुक करने’ की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई। श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने आगे बताया कि मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने की सुविधा के लिए शीघ्र ही राज्यभर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को मतदाता सूचियों को देखने और उनमें अपने नाम तथा अन्य विवरणों की जांच करने में सहायता प्रदान करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओज़) तथा निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओज़) के कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता प्रकाशित एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची में अपने नाम और अन्य विवरणों की पुष्टि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in तथा भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से कर सकते हैं। जो नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं अथवा अपने विवरणों में किसी प्रकार का संशोधन करवाना चाहते हैं, वे 12 नवंबर, 2026 से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित प्रपत्र भरकर अपने दावे और आपत्तियां जमा करवा सकते हैं।
पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता अथवा स्पष्टीकरण के लिए नागरिक मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वे ईसीआईनेट मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से उपलब्ध ‘बीएलओ के साथ कॉल बुक करने’ की सुविधा का भी लाभ उठा सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि समावेशी लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना अनिवार्य है तथा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
