नई दिल्ली, 22/05/2026
पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर बढ़ती चिंताओं के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के सेवा तीर्थ में मंत्रिपरिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की.
अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक में अपने मंत्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार 2014 से सत्ता में है, लेकिन अब 2026 है, इसलिए पूरा ध्यान भविष्य की ओर और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर केंद्रित करना चाहिए.
कोई भी काम लंबित नहीं रहना चाहिए: पीएम
प्रधानमंत्री ने सभी सहयोगियों को लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने की सलाह भी दी. गुरुवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक लगभग 5 घंटे चली. बैठक में पीएम मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से रिपोर्ट भी ली और उनका मार्गदर्शन भी किया. बैठक में पीएम ने जोर देकर कहा कि, “कोई भी काम लंबित नहीं रहना चाहिए.” अनावश्यक विवादों में न उलझें और पूरी तरह से अपने काम पर ध्यान केंद्रित करें. बैठक में प्रधानमंत्री ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि यह कोई नारा नहीं, बल्कि हमारा दृढ़ प्रतिबद्धता है. उन्होंने सभी मंत्रालयों में सुधारों (रिफॉर्म्स), ईज ऑफ लिविंग और जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने पर जोर दिया.
कम समय में ज्यादा काम करें: पीएम
खबर के मुताबिक, पीएम मोदी ने फाइलों को फालतू चक्कर काटने की बजाय तेजी से निपटाने, कम समय में ज्यादा काम करने और हर प्रक्रिया में सरलता लाने के निर्देश दिए. प्रधानमंत्री के पांच देशों के सफल विदेश दौरे के बाद आयोजित इस बैठक में 9 मंत्रालयों ने प्रस्तुतीकरण दिए. इनमें कृषि, वन, श्रम, सड़क परिवहन, कॉरपोरेट मामलों, विदेश, वाणिज्य और विद्युत मंत्रालय शामिल थे. कैबिनेट सचिव और नीति आयोग की ओर से भी प्रस्तुतीकरण हुए.
सरकार की उपलब्धियों और सुधारों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं.
बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रधानमंत्री की हालिया विदेश यात्रा और उसके भारत के लिए महत्व पर विस्तृत प्रस्तुति भी दी. बैठक में फाइलें सबसे तेज गति से निपटाने वाले मंत्रालयों की सराहना भी की गई. प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए मंत्रियों से कहा कि सरकार की उपलब्धियों और सुधारों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं.
बायोगैस उत्पादन बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा
उन्होंने बायोगैस उत्पादन बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा. बैठक में प्रधानमंत्री का साफ संदेश था, अब समय आगे देखने का है. अतीत की उपलब्धियों पर संतोष करने की बजाय भविष्य के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तेज गति से काम करें. बैठक में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर केंद्र सरकार की तरफ से गंभीर प्रतिबद्धता दिखाने की भी बात दोहराई गई.
