नई दिल्ली, 10/11/2026
हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में खेला जाएगा। मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तानी करेंगी। जापान में पिछले महीने एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी। भारत इस प्रतियोगिता का मौजूदा चैंपियन है और 2016, 2023 तथा 2024 में खिताब जीत चुका है। टीम की नजर चौथी बार ट्रॉफी जीतने पर होगी।
टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा।
सेमीफाइनल 27 नवंबर और फाइनल सहित पदक मुकाबले 28 नवंबर को खेले जाएंगे।
भारतीय टीम
गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचु देवी खरिबाम।
डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, ललथंतलुआंगी, पूजा साहू।
मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसाल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान।
