गुरुग्राम, 22/05/2026
हरियाणा के गुरुग्राम में युवती के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है जहां ऑफिस जाने के लिए कैब बुक करने वाली एक युवती के साथ कैब ड्राइवर ने अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की. शिकायत मिलने पर गुरुग्राम पुलिस ने कुछ ही घंटे में कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया.
कैब ड्राइवर ने की महिला से छेड़छाड़
दरअसल आज एक युवती ने अपने ऑफिस जाने के लिए एक कैब सर्विस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कैब बुक की थी. आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने उसके साथ अश्लील हरकत की और अभद्र इशारे किए. युवती द्वारा विरोध करने और गाड़ी रुकवाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया जिसपर सदर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को भोंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
यूपी का आरोपी अरेस्ट
गुरुग्राम के सेक्टर -51 स्थित महिला थाने की SHO सुमन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बनिहारी गांव का निवासी बताया जा रहा है. शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कैब चलाने का काम करता है. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने युवती को कार में पिकअप करने के कुछ समय बाद इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
