चंडीगढ़, 22/05/2026
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का पहला विधायक घोषित किया है. अर्जुन चौटाला ने कहा कि, मैं एक वो कॉकरोच हूं, जो विधायक भी है.
अर्जुन चौटाला ने किया विरोध
चीफ़ जस्टिस ऑफ इंडिया के कॉकरोच वाले बयान पर हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला के पोते और इनेलो पार्टी के विधायक अर्जुन चौटाला ने विरोध किया है. उन्होंने कहा कि “देश के युवा को कॉकरोच कहना पूरी तरीके से गलत है. मैंने विधानसभा में संविधान की शपथ ली थी. देश का संविधान मुझे सरकार से सवाल उठाने का हक देता है. देश की जनता बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों से भी ज्यादा टैक्स देती है. आज देश में मेरे युवा भाइयों से सेना जॉइन करने और जागरूक होने को कहा जाता है ताकि देश आगे बढ़े. ऐसे में उन्हें बोलने के हक से महरूम नहीं किया जाना चाहिए”.
कॉकरोच विधायक हूं: अर्जुन चौटाला
उन्होंने आगे कहा कि “देश में हर एक वोटर को भी सवाल पूछने का हक है. आज देश का युवा बदलाव देखना चाहता है, इसीलिए कॉकरोच जनता पार्टी को इतने लोगों ने पसंद किया है. एक ही रात में कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या बीजेपी से ज्यादा हो गई है. इसलिए रातों-रात कॉकरोच जनता पार्टी के पेज को बंद कर दिया गया. लेकिन ऐसे लोग भूल जाते हैं कि कॉकरोच को 10 बार भी कुचला जाये तो भी वो खड़ा हो जाता है. एक विधायक होने के नाते मैं अपने कॉकरोच भाइयों के साथ जुड़ चुका हूं. मैं उनका पहला कॉकरोच विधायक हूं”.
“ई-मेल कर सवाल भेजें”
अर्जुन चौटाला आगे कहते हैं कि “मेरे देश के कॉकरोच युवा यदि सरकार से कोई सवाल पूछना चाहते हैं, तो वे मुझे ईमेल करके अपना सवाल भेज सकते हैं. मैं सरकार से हर महीने तीन सवाल पूछने का अधिकार रखता हूं. मेरी ईमेल आईडी cocrochmla@gmail.com है. कॉकरोच इस दुनिया में सबसे पहले आए थे और दुनिया के खत्म होने तक जिंदा रहेंगे. बीजेपी जब विपक्ष में होती थी तो डॉलर और रुपए में ₹50 के अंतर पर चीखने लगती थी. लेकिन जब आज डॉलर और एक रुपए में ₹100 का अंतर हो गया है तो वे देश को बचत करने की नसीहत दे रहे हैं. सरकार ने समय रहते युद्ध के हालातों का आंकलन नहीं किया, जिसके चलते देश में हालात खराब हो रहे हैं.
