nayab saini cm haryana
चंडीगढ़, 25/11/2026
हरियाणा में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक यूनाइटेड किंगडम और जर्मनी का दौरा करेगा। इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश में विदेशी निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी विकास और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर तलाशना है।
प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। दौरे के दौरान वैश्विक कंपनियों, निवेशकों, विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ बैठकें की जाएंगी।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल के अनुसार, इससे पहले मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा किया गया था। इन दौरों के दौरान 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी थी।
UK में व्यापार, शिक्षा और AI पर रहेगा फोकस
UK दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों, उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स के साथ बैठक करेंगे। भारत-UK व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के तहत व्यापार और निवेश की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी।
प्रतिनिधिमंडल कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से जुड़े प्रतिनिधियों तथा भारतीय विद्यार्थियों के साथ भी संवाद करेगा। इसके अलावा, क्वीन्स एलिजाबेथ स्कूल, बार्नेट में हरियाणा में शैक्षणिक कैंपस स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री UK के सांसदों और प्रमुख प्रतिनिधियों को अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का निमंत्रण भी देंगे।
लंदन में मनाई जाएगी अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती
दौरे के दौरान लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसमें शामिल होंगे। इस आयोजन के माध्यम से हरियाणा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
जर्मनी में होगा हरियाणा का स्टेट रोड-शो
जर्मनी में 2 दिसंबर को हरियाणा स्टेट रोड-शो आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की औद्योगिक सुविधाओं, निवेश नीतियों, कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन की जानकारी वैश्विक निवेशकों को दी जाएगी।
3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित फ्राउनहोफर अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान हरियाणा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने को लेकर चर्चा होगी और MoU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस सेंटर में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और एनर्जी स्टोरेज जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा, 4 और 5 दिसंबर को जर्मनी की प्रमुख कंपनियों और संभावित निवेशकों के साथ बैठकें होंगी। सरकार को उम्मीद है कि इस दौरे से हरियाणा में विदेशी निवेश, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक साझेदारी को नई गति मिलेगी।
