लुधियाना, 27/11/2026
पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने शुक्रवार को लुधियाना के लाडोवाल में 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बागवानी विकास केंद्र का नींव पत्थर रखा। इसके साथ ही उन्होंने हाईटेक पॉलीहाउस इकाई का उद्घाटन भी किया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत स्थापित किए जा रहे इस केंद्र में प्रशासनिक परिसर, प्लांट हेल्थ क्लीनिक, चार हाईटेक पॉलीहाउस, आधुनिक मशीनरी और बीज भंडारण शेड बनाया जाएगा।
मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती तकनीक उपलब्ध करवाना, कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देना और उनकी आमदनी बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि चार पॉलीहाउस में से दो में सब्जियों की पौध तैयार की जाएगी, जिनकी सालाना उत्पादन क्षमता करीब 40 लाख पौध होगी। बाकी दो पॉलीहाउस में अमरूद की पौध तैयार होगी, जिनकी उत्पादन क्षमता सालाना 50 हजार पौधे होगी।
केंद्र में स्थापित प्लांट हेल्थ क्लीनिक के माध्यम से किसानों को फसलों में बीमारियों और कीटों की पहचान तथा उनके प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक सहायता मिलेगी। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, फसल प्रबंधन और पौध संरक्षण के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में 150 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
