हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित श्री मुक्ति नाथ वेद विद्याश्रम (संस्कृत गुरुकुल) के रजत जयंती समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरुकुल के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वेदों और संस्कृत के ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक में भी दक्ष बनें, ताकि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि गुरुकुल भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आज डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी संस्कृत और वैदिक ज्ञान की प्रासंगिकता बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुकुल में विद्यार्थियों को वेद, संस्कृत व्याकरण, दर्शन और साहित्य के साथ हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और कंप्यूटर की शिक्षा भी दी जाती है। यहां विद्यार्थियों को आवास और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है। देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल से भी विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण करने आते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कैथल के मुंदड़ी में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। वहीं, पंचकूला में राजकीय संस्कृत महाविद्यालय के भवन का निर्माण 22.19 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। गुरुकुल के संस्थापक आचार्य स्वामी प्रसाद मिश्र ने बताया कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर 460 से अधिक विद्यार्थी सरकारी क्षेत्र में उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
