चंडीगढ़, 19/11/2026
पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) और ब्रिटेन की नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी (NTU) के बीच शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी ने वर्ष 2027 के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी के शोधार्थियों को तीन पूरी तरह वित्तपोषित ड्यूल पीएचडी सीटें देने की घोषणा की है। यह घोषणा पंजाब यूनिवर्सिटी और नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों के बीच आयोजित बैठक के दौरान की गई। बैठक में NTU की एसोसिएट डायरेक्टर (एजुकेशन, क्वालिटी एंड पार्टनरशिप्स-ग्लोबल) डॉ. क्लेयर न्यूस्टेड शामिल हुईं। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से डीन इंटरनेशनल स्टूडेंट्स प्रो. केवल कृष्ण और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) के कई संकाय सदस्य बैठक में मौजूद रहे।
तीन शोधार्थी पहले से कर रहे हैं ड्यूल पीएचडी
वर्तमान में पंजाब यूनिवर्सिटी के तीन शोधार्थी शिवम जादौन, हरलीन कौर और मनकीरत सिंह मान इंजीनियरिंग विषय में चल रहे ड्यूल पीएचडी कार्यक्रम के तहत नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी में शोध कर रहे हैं। बैठक में इस कार्यक्रम के अगले चरण पर चर्चा की गई। दोनों विश्वविद्यालयों ने ड्यूल पीएचडी कार्यक्रम को इंजीनियरिंग के अलावा अन्य शैक्षणिक विषयों में भी शुरू करने और इसमें अधिक शोधार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर विचार किया।
ड्यूल मास्टर डिग्री और छात्र एक्सचेंज पर भी चर्चा
बैठक में ड्यूल मास्टर डिग्री कार्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी के समर स्कूल में भाग लेने के अवसर उपलब्ध करवाने और दोनों संस्थानों के बीच छात्र एवं फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं भी तलाशी गईं। पंजाब यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी का सहयोग दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक साझेदारी को मजबूत करने और विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक के अंत में दोनों विश्वविद्यालयों ने आपसी विचार-विमर्श और समन्वय के माध्यम से प्रस्तावित योजनाओं को आगे बढ़ाने में रुचि दिखाई।
