पंजाब यूनिवर्सिटी (PU), चंडीगढ़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) की इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग 2027 में यूनिवर्सिटी ने 24 स्थानों की छलांग लगाते हुए संयुक्त रूप से 150वां स्थान हासिल किया है। वर्ष 2026 में यूनिवर्सिटी 174वें स्थान पर थी। यूनिवर्सिटी का कुल स्कोर भी 2026 के 52.8 से बढ़कर 2027 में 55.0 हो गया है। वर्ष 2025 में यह स्कोर 48.6 था। लगातार बढ़ता स्कोर शोध और अकादमिक क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।
पंजाब यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल ने इस उपलब्धि पर शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक रैंकिंग में सुधार विश्वविद्यालय की अंतरविषयक शोध और अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसा शोध वातावरण तैयार करने के लिए प्रयासरत रहेगा, जहां विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ मिलकर काम कर सकें और समाज की जटिल समस्याओं के समाधान में योगदान दे सकें। इसका उद्देश्य विकसित भारत के निर्माण में ज्ञान और अनुसंधान के माध्यम से सहयोग देना भी है।
102 देशों के 1,058 संस्थानों का हुआ मूल्यांकन
टाइम्स हायर एजुकेशन की 2027 की इस रैंकिंग में 102 देशों और क्षेत्रों के 1,058 संस्थानों का मूल्यांकन किया गया है। वर्ष 2026 में इस सूची में 911 संस्थान शामिल थे। इस बार एशिया के 565 विश्वविद्यालयों को रैंकिंग में जगह मिली, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 478 थी। इस रैंकिंग में विश्वविद्यालयों के ऐसे शोध कार्यों का आकलन किया जाता है, जिनमें अलग-अलग शैक्षणिक और वैज्ञानिक विषयों को मिलाकर नई खोज और समस्याओं के समाधान पर काम किया जाता है।
11 मानकों पर तय होती है रैंकिंग
THE इंटरडिसिप्लिनरी साइंस रैंकिंग तीन प्रमुख श्रेणियों के तहत 11 मानकों पर आधारित है। इनमें शोध के लिए मिलने वाली फंडिंग, संस्थागत सहयोग और शोध के परिणाम शामिल हैं।
-
इनपुट (19%): शोध के लिए मिलने वाली फंडिंग और उद्योगों से प्राप्त आर्थिक सहायता।
-
प्रोसेस (16%): शोधकर्ताओं को उपलब्ध सुविधाएं, प्रशासनिक सहयोग और संस्थागत समर्थन।
-
आउटपुट (65%): शोध प्रकाशन, उनकी गुणवत्ता, विभिन्न विषयों पर प्रभाव और अकादमिक प्रतिष्ठा।
शोध को संस्थागत सहयोग देने में 75.1% की बढ़ोतरी
पंजाब यूनिवर्सिटी ने प्रोसेस श्रेणी में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में यूनिवर्सिटी का स्कोर 2026 के 33.3 से बढ़कर 2027 में 58.3 हो गया है। इसमें 75.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इनपुट श्रेणी में यूनिवर्सिटी को 2027 में 54.6 अंक मिले, जबकि 2026 में यह स्कोर 57.4 और 2025 में 30.3 था। वहीं, आउटपुट श्रेणी में यूनिवर्सिटी का स्कोर 2027 में 54.2 रहा, जबकि 2026 में 56.2 और 2025 में 57.7 था। कुल मिलाकर, पिछले तीन वर्षों में पंजाब यूनिवर्सिटी के समग्र स्कोर में 13.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध और अकादमिक क्षेत्र में विश्वविद्यालय की बेहतर होती स्थिति को दर्शाती है।
