शैक्षणिक संस्थानों और कॉरपोरेट जगत के बीच तालमेल पर जोर
दीपक राणा ने कहा कि ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारियों और स्टूडेंट प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर्स की भूमिका विद्यार्थियों और कॉरपोरेट जगत के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने औद्योगिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि विद्यार्थियों को पेशेवर करियर के लिए तैयार करने और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए अकादमिक शिक्षा को उद्योग जगत की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाना जरूरी है। उन्होंने अपने पूर्व स्टूडेंट प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अपने सीमित दायरे से बाहर निकलकर अधिक से अधिक संस्थानों और कंपनियों के साथ संपर्क स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट गतिविधियों में भागीदारी से विद्यार्थियों को नौकरी के अवसरों के साथ-साथ नेटवर्किंग, उद्योग जगत का अनुभव और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी मिलते हैं।
प्लेसमेंट गतिविधियों में समन्वय बढ़ाने की अपील
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की मानद निदेशक प्रो. मीना शर्मा ने सेल की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में प्लेसमेंट से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि सेल पूरे वर्ष जागरूकता सत्र, कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान, वैल्यू एडेड कोर्स और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करता है। उन्होंने विभागों के प्लेसमेंट अधिकारियों से इन गतिविधियों की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने और सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के साथ मिलकर काम करने की अपील की। कार्यक्रम में CPC की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रोहिणी शर्मा ने अतिथियों, प्लेसमेंट अधिकारियों और छात्र समन्वयकों का स्वागत किया तथा सत्र के विषय की जानकारी दी। अंत में CPC की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रवनीत कौर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी के कुलपति, मुख्य वक्ता और सभी प्रतिभागियों का कार्यक्रम में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
