CEO Anadita Mitra
पंजाब में स्थानीय निकायों के पुनः चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम पटियाला, नगर परिषद बाघा पुराना और नगर परिषद धर्मकोट के कुल 52 वार्डों में चुनाव करवाने के लिए कार्यक्रम जारी किया है। इन चुनावों के लिए 28 नवंबर 2026 को मतदान होगा। चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 19 नवंबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 14, 15 और 16 नवंबर को अवकाश के कारण नामांकन नहीं लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 20 नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 21 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 28 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना की तारीख और इससे संबंधित निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
तीनों निकायों में बनाए गए 150 मतदान केंद्र
चुनाव आयोग के मुताबिक, नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों में 123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, नगर परिषद बाघा पुराना के 15 वार्डों में 20 और नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों में 7 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन चुनावों में कुल 1,76,429 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 91,415 पुरुष, 84,999 महिलाएं और 15 अन्य मतदाता शामिल हैं।
उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा तय
चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों के चुनाव खर्च की सीमा भी निर्धारित की है। नगर निगम के उम्मीदवार अधिकतम 4 लाख रुपये, जबकि नगर परिषद (क्लास-II) के उम्मीदवार अधिकतम 2.30 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। सभी उम्मीदवारों के लिए नामांकन पत्र के साथ निर्धारित शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। राजनीतिक पार्टी के उम्मीदवारों को पार्टी का प्राधिकरण पत्र भी देना होगा। उम्मीदवारों का केवाईसी विवरण संबंधित जिलों की वेबसाइटों पर उपलब्ध कराया जाएगा। चुनाव ईवीएम के माध्यम से करवाए जाएंगे।
आचार संहिता लागू
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर निगम और नगर परिषदों के पूरे अधिकार क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा चुके हैं। वहीं, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक निगरानी कमेटी का गठन किया है।
