हरियाणा के किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने के लिए उद्यान विभाग के पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केंद्र, मुनीमपुर (झज्जर) में 23 से 27 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का विषय ‘उन्नत तकनीकों द्वारा फूलों की खेती पर प्रशिक्षण’ रखा गया है। इसमें केवल 10 किसानों को शामिल किया जाएगा।
इच्छुक किसान बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट kaushal.hortharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 दोपहर 3 बजे तक है। पहले 10 आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी और चयनित किसानों की सूची उसी दिन शाम 3:30 बजे वेबसाइट पर जारी होगी।
प्रशिक्षण के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना जरूरी है। उसकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक सदस्य आवेदन कर सकता है। चयनित किसानों को आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र की फोटोकॉपी साथ लानी होगी। प्रशिक्षण के दौरान भोजन की व्यवस्था विभाग करेगा, लेकिन रात्रि ठहरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
प्रशिक्षण में किसानों को पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, टपका सिंचाई, उन्नत बीज, खाद प्रबंधन और फसल में रोगों की पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फूलों की कटाई, छंटाई, पैकिंग और बाजार तक पहुंचाने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा। इससे किसानों को फूलों की खेती की लागत कम करने, फसल की गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर आमदनी के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
