मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का प्रतीक है। संस्था जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले 12 वर्षों में करीब दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में योग्यता और मेरिट को आधार बनाया गया है।
उन्होंने किसानों के लिए एमएसपी पर सभी फसलों की खरीद का उल्लेख करते हुए बताया कि गन्ने का भाव 2026-27 के लिए 430 रुपये और 2027-28 के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मुफ्त डायलिसिस सुविधा, आयुष्मान भारत, चिरायु और मिशन बुनियाद जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर उन्होंने पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए नशे, अपराध और रोजगार से जुड़ी चुनौतियों का जिक्र किया। साथ ही पंजाब को फिर से खुशहाल और प्रगतिशील बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
