हरियाणा सकार ने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, नवाचार और बेहतर प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सुशासन पुरस्कार योजना 2026 शुरू की है। इसके तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि योजना के तहत राज्य स्तर पर दो श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें राज्य फ्लैगशिप पुरस्कार और राज्य पुरस्कार शामिल हैं। दोनों श्रेणियों में अधिकतम पांच-पांच पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि 51 हजार रुपये तक होगी।
इस योजना के लिए ग्रुप-ए, बी, सी और डी के सरकारी कर्मचारी पात्र होंगे। इसके अलावा अधिसूचना के अनुसार पात्र संविदा कर्मचारी भी आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कारों के लिए 1 जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2026 तक किए गए उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों का मूल्यांकन किया जाएगा।
इच्छुक कर्मचारी 25 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल haryanagoodgovernanceawards.haryana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित कार्यालयाध्यक्ष या विभागाध्यक्ष के माध्यम से प्रशासनिक सचिव को भेजे जाएंगे। सरकार के अनुसार, पुरस्कार विजेताओं का चयन 15 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
