न्यूज डेस्क, 15/05/2026
देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है. राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 94.77 रुपये की जगह 97.77 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा. जबकि डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है. वहीं CNG के दामों में भी दो रुपए का इजाफा हुआ है. CNG का नया रेट 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है. साल 2022 के बाद से लंबे अंतराल के बाद दिल्ली में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें बढ़ीं है.
इससे पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी तेल के दाम बढ़ाए जाने का इशारा कर दिया था. उनके बयान के बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में जल्द इजाफा हो सकता है.
फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी पर IOCL (इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के डायरेक्टर (रिफाइनरीज) अरविंद कुमार ने कहा कि यह एक गंभीर विषय है. क्रूड के दाम बढ़ने पर परेशानी होती है. हम उसी के हिसाब से काम कर रहे हैं. मेरा खयाल है कि OMC ने यह एक छोटा सा निर्णय लिया है. मुझे लगता है कि इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा. सभी चीजें पूर्ण रूप से व्यवस्थित रूप से चलती रहेंगी.
सरकारी तेल कंपनियों की ओर से शुक्रवार सुबह जारी तेल की खुदरा कीमतों में देशभर में बदलाव दिख रहा है. नई दरें शुक्रवार रात से ही लागू हो चुकी हैं. पेट्रोलियम कंपनियों ने पहले ही महंगे क्रूड की वजह से रोजाना करीब 1,000 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया था.
पेट्रोलियम मंत्री ने भी कहा था कि अगर तेल के खुदरा दाम नहीं बढ़ाए गए तो तेल कंपनियों का घाटा एक तिमाही में ही एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच जाएगा.
