हरियाणा (Patarkar Desk)-हरियाणा में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज से प्रदेश में मानसून सक्रिय हो सकता है और अगले तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में एक नया चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके कारण मानसूनी हवाएं प्रभावित हो रही हैं और हरियाणा में पश्चिमी तथा उत्तरी हवाओं का मेल बन रहा है। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
3 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।वहीं सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, कैथल, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है और इस दौरान हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है।
अगले 5 दिनों के लिए भी यलो अलर्ट
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की या छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 5 और 6 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
हिसार में सबसे ज्यादा तापमान, पलवल में रात सबसे ठंडी
पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर रहने के कारण हरियाणा में तापमान बढ़ा हुआ है। हिसार प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1°C दर्ज किया गया।
दूसरी ओर पलवल में रात का तापमान 24.5°C दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
इसके अलावा अंबाला में 34.1°C, करनाल में 34.2°C, रोहतक में 31.9°C, गुरुग्राम में 32.0°C और भिवानी में 35.5°C तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के दोबारा सक्रिय होने और बारिश का दौर बढ़ने से आने वाले दिनों में दिन के तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।
