गुरुग्राम हरियाणा (Patarkar Desk )-गुरुग्राम में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में आरोपी पटवारी के खिलाफ अपनी जांच पूरी कर ली है। जांच के बाद ब्यूरो ने आरोपी पटवारी राजेश मलहान के विरुद्ध गुरुग्राम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।
मामला पटौदी तहसील के शेरपुर गांव का है। आरोप है कि हल्का पटवारी राजेश मलहान ने जमीन का इंतकाल दर्ज करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। ACB ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को ₹15 हजार लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
जमीन के इंतकाल के लिए मांगे ₹45 हजार
ACB के अनुसार, शिकायतकर्ता भूपेंद्र यादव ने ब्यूरो को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनके दोस्त अशोक गुप्ता को अपनी पत्नी अनीता के नाम शेरपुर गांव में स्थित जमीन का इंतकाल दर्ज करवाना था।इसी काम के लिए जब वे हल्का पटवारी राजेश मलहान से मिले, तो आरोप है कि पटवारी ने इंतकाल दर्ज करने के बदले ₹45 हजार की रिश्वत मांगी।
बातचीत के बाद ₹20 हजार में तय हुआ सौदा
शिकायतकर्ता ने पटवारी से रकम कम करने का आग्रह किया। इसके बाद कथित तौर पर पटवारी ₹20 हजार लेने के लिए तैयार हो गया।भूपेंद्र यादव रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए जाल बिछाया।
₹15 हजार लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा
ACB की टीम ने योजना के तहत कार्रवाई की और आरोपी पटवारी राजेश मलहान को ₹15 हजार की रिश्वत लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम आरोपी पटवारी की निजी गाड़ी से बरामद हुई थी। इस बरामदगी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण माना गया।इस मामले में 6 जुलाई 2026 को पटवारी राजेश मलहान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट
जांच पूरी होने के बाद ACB ने आरोपी पटवारी के खिलाफ चार्जशीट गुरुग्राम कोर्ट में दाखिल कर दी है। चार्जशीट जिला एवं सत्र जज निशांत कुमार की अदालत के समक्ष पेश की गई।
रिश्वत मांगे जाने पर ACB को सूचना देने की अपील
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।इसके लिए ACB के टोल फ्री नंबर 1800-1800-2022 या हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत की जा सकती है।
