मुंबई, 16/10/2026
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी शीर्ष क्रम की बल्लेबाज पूनम राउत ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। 37 वर्षीय पूनम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने 12 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा। पूनम राउत ने वर्ष 2009 से 2021 के दौरान भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।
“जर्सी पहनना मेरा सपना था, जो हकीकत बना”
संन्यास का ऐलान करते हुए पूनम राउत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा “काफी सोच-विचार और आत्ममंथन के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है। भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।”
उन्होंने आगे लिखा, “क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल नहीं रहा, बल्कि इसने मेरे व्यक्तित्व को निखारा, मुझे मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया और ऐसी यादें दीं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। मैंने जब भी भारतीय जर्सी पहनी, हर बार इसे अपार गर्व और कृतज्ञता के साथ पहना। भारतीय जर्सी पहनना मेरा सपना था, जो हकीकत में बदला।”
कैसा रहा पूनम राउत का T20 सफर?
-
मैच और रन: उन्होंने 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27.65 की औसत और 92.17 की स्ट्राइक रेट से कुल 719 रन बनाए।
-
अर्धशतक: टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उनके नाम 4 हाफ-सेंचुरी दर्ज हैं।
-
वर्ल्ड कप में भागीदारी: वे भारत के चार T20 वर्ल्ड कप अभियानों (2009, 2010, 2012 और 2014) में टीम का हिस्सा रहीं।
-
यादगार पारियां: वर्ल्ड कप के दौरान उनकी दो सबसे खास पारियां 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ (नाबाद 54 रन) और 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ (52 गेंदों पर 56 रन) रहीं।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) का जताया आभार
पूनम ने अपने क्रिकेट करियर की नींव रखने के लिए अपनी घरेलू टीम मुंबई क्रिकेट संघ का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा “अपने शुरुआती वर्षों में मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं मुंबई क्रिकेट संघ की दिल से आभारी हूं। वहां मिले मौकों और मार्गदर्शन ने मेरे क्रिकेट करियर की मजबूत नींव रखी।”
