मुंबई (अनिल बेदाग) 16/11/2026
बदलते युद्ध के तौर-तरीकों और तेजी से बढ़ते ड्रोन खतरों के बीच भारत की रक्षा तैयारियों को नई तकनीकी ताकत मिलने जा रही है। आरआरपी ग्रुप की सूचीबद्ध कंपनी आरआरपी डिफेंस लिमिटेड ने इजरायल की टेक्नोलॉजी कंपनी मैकटेक के साथ रणनीतिक संयुक्त उद्यम किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत में अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन और काउंटर-यूएएस तकनीक उपलब्ध कराना है। इस साझेदारी पर कंपनी का फोकस वैश्विक विशेषज्ञता को भारतीय जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है। इसके तहत तकनीकी स्थानीयकरण, स्वदेशी विनिर्माण और ‘मेक इन इंडिया’ को भी बढ़ावा देने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
कंपनी का मानना है कि यह साझेदारी केवल नई तकनीक लाने तक सीमित नहीं, बल्कि भारत में दीर्घकालिक रक्षा क्षमताएं विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मैकटेक की उन्नत तकनीकी विशेषज्ञता और आरआरपी डिफेंस की भारतीय बाजार में मौजूदगी मिलकर रक्षा क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर सकती है। यह पहल भारत को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के व्यापक लक्ष्य को मजबूती देने की दिशा में अहम साबित हो सकती है। आज ड्रोन केवल निगरानी का माध्यम नहीं, बल्कि आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था के सामने एक बड़ी चुनौती भी बन चुके हैं। ऐसे में दुश्मन ड्रोन की पहचान, निगरानी और उनसे निपटने वाली तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
