मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में गत चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार शुरुआत की है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में खेले गए मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से मुमताज खान ने 20वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके बाद कप्तान सलीमा टेटे ने 35वें मिनट, पदार्पण कर रहीं पूजा साहू ने 39वें मिनट और लालरेमसियामी ने 49वें मिनट में गोल किए। मलेशिया की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली ने 19वें मिनट में गोल किया था।
पहले हाफ में बराबरी पर रहा मुकाबला
मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में मलेशिया ने फील्ड गोल के जरिए 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, भारत ने अगले ही मिनट मुमताज खान के गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
दूसरे हाफ में भारत ने दागे तीन गोल
तीसरे क्वार्टर में भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दौरान मिले मौके को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद पदार्पण कर रहीं पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर बढ़त 3-1 कर दी। चौथे क्वार्टर के 49वें मिनट में लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत की बढ़त 4-1 कर दी। इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए पूजा साहू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा भोपाल
इस टूर्नामेंट के साथ भोपाल पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। उद्घाटन मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। गुरुवार को टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराया, जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से शिकस्त दी। जापान के लिए हानामी सैतो ने 59वें मिनट में निर्णायक गोल किया। भारतीय टीम अब 20 नवंबर को विश्राम दिवस के बाद 21 नवंबर को शाम 7 बजे दक्षिण कोरिया के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी।
