शामली(Patarkar Desk): हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई की है। सिंगर अंकित की हत्या करने वाले दो शूटर आज पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। शामली के शहरकोतवाली इलाके में अपराधियों, पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स के बीच मुठभेड़ हुई, इस दौरान हुई फायरिंग में दोनों बदमाशों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या में शामिल 4 शूटरों में से दो शूटर सुमित और मोहित एनकाउंटर में मारे गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दोनों शूटरों के बारे में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। पुलिस को सुबह 4 बजे गुप्त सूचना मिली कि अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शूटर शामली की तरफ आ रहे हैं। यह सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसी बीच, होटल राजमहल के पास अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ के दौरान दो पुलिस कर्मियों को भी गोली लगी है और उन्हें घायल हालत में अस्पताल भेजा गया है।
