3 दिसंबर को काशी पहुंचेगी यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 18 नवंबर को पंजाब के डेरा सचखंड बल्ला से रवाना हुई थी। यह यात्रा 16 दिनों में 47 शहरों से होते हुए 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जातिगत भेदभाव समाप्त करना और समाज में समानता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश फैलाना है।
समानता और सामाजिक न्याय पर जोर
नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समानता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए उनके खातों में 2,100 रुपये की राशि भी पहुंचाई जा रही है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी समरसता संकल्प यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी के विचार समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
